
राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सेना के सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय लेने की होड़ मची देखकर खून की दलाली का जो बयान दिया, उससे आहत होकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार को राहुल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका.
सेना का अपमान है राहुल गांधी का ये बयान
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भी बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बीजेपी नेताओं का कहना था कि राहुल गांधी का ये बयान सेना का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इस दौरान बीजेपी नेताओं ने जेएनयू के छात्र नेता कन्हैया कुमार का भी पुतला फूंका. उनका कहना था कि राहुल गांधीकी सोच कन्हैया कुमार से प्रेरित है, इसलिए वो ऐसे बयान दे रहे हैं.
पहले पुतले को खून पिलाया फिर किया आग के हवाले
इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेताओं ने यूपी के कानपुर में शिक्षक पार्क के पास पहले पुतले को खून पिलाया फिर उसे आग के हवाले कर दिया. युवा मोर्चा के नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खून की दलाली वाले बयान को निराधार बताया और कहा कि उनको ऐसे बयान नही देने चाहिए. वहीं बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का कहा कि इन सबपर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए.

राहुल गांधी इटली जाओ’
राहुल गांधी के ‘खून की दलाली’ वाले बयान के खिलाफ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. शहर के कचहरी के सामने बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका. इस मौके पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी इटली जाओ’ और ‘राहुल गांधी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाये.
राहुल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
तो वहीं वाराणसी शहर उत्तरी के विधायक रविंद्र जायसवाल ने राहुल गांधी को मंदबुद्धि करार देते हुए कहा कि राहुल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें मेन्टल हॉस्पिटल में भर्ती हो जाना चाहिए.