राज्यसभा में अमित शाह ने करीब 1 घंटा 10 मिनट तक अपने पहले भाषण में बेरोजगारी, सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर जीएसटी पर बात की. अमित शाह के भाषण की 10 बड़ी बातें...
1-राज्यसभा में अमित शाह ने कहा कि बेरोजगारी से अच्छा है कि कोई युवा पकौड़ा बेच रहा है. पकौड़ा बेचने में शर्म कैसी? इसकी भिखारी के साथ तुलना ना करें. अगर चाय वाले का बेटा पीएम बन सकता है, तो पकौड़े वाले का बेटा आगे जाकर उद्योगपति भी बन सकता है.
2-गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) को लेकर शाह ने कहा कि कांग्रेस ने इसे गब्बर सिंह टैक्स बताया था. गब्बर सिंह एक डकैत था... कानून से बना हुआ टैक्स डैकत है क्या? जीएसटी से मिला पैसा वन रैंक, वन पेंशन जैसी योजनाओं में जाता है. गरीब के घर में चूल्हा जलाने के लिए जाता है. लोगों की भलाई में जाता है. क्या लोगों को टैक्स ना देने के लिए कहना अच्छी बात है?
3-अमित शाह ने कहा कि हमें विरासत में गढ्ढे मिले थे. जब बीजेपी सत्ता में आई, तो हमें भ्रष्टाचार और सुस्त अर्थव्यवस्था का गड्ढा मिला. 2013 में देश की जो स्थिति थी, उसे याद करने की जरूरत है. देश में विकास की गति काफी गिरी हुई थी, महिलाएं देश में सुरक्षित नहीं थीं. सीमा की रक्षा करने वाले जवान सरकार के अनिर्णय के कारण कुछ कर नहीं पा रहे थे. बीजेपी सरकार का बहुत सारा वक्त तो इन गड्ढों को भरने में लग गया.
4-दुनिया में सबसे बड़ा जो आर्थिक सुधार हुआ है, वो भारत में जीएसटी के रूप में हुआ है. आरोप लगते हैं कि कांग्रेस के समय में भारतीय जनता पार्टी ने जीएसटी का विरोध किया था. लेकिन ये सच नहीं है. सच ये है कि बीजेपी ने कभी जीएसटी का विरोध नहीं किया था. बल्कि इसके तरीकों का विरोध किया गया था.
5-गरीबी हटाओ के नारे से सत्ता में तो बहुत से लोग आए थे, लेकिन गरीबी को हटाने और गरीब के जीवन स्तर को उठाने का काम मोदी सरकार ने किया है.
6-हमारी सरकार गरीबों के लिए है. हर गरीब के घर में बिजली पहुंचाना, स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, शौचालय पहुंचाना, रोजगार पहुंचाना... इसीलिए तो हमारे महानुभवों ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी और मुझे गर्व है कि ये सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है.
7-अमित शाह ने कहा कि 55 साल तक देश में एक ही परिवार का राज रहा था, लेकिन इसके बावजूद गरीबों का बैंक अकाउंट नहीं था. जब पीएम ने 'जन धन योजना' की घोषणा की, तो मेरा मन भी आशंकित था कि जो 60 साल में नहीं हुआ वो कैसे होगा. लेकिन आज 31 करोड़ से ज्यादा बैंक अकाउंट खुल गए हैं.
8-शाह ने कहा कि हमारी सरकार 2022 तक हर घर में शौचालय बनवाएगी, यूपी सरकार ने शौचालय को 'इज्जतघर' का नाम दिया है. हमारी सरकार हर गरीब को घर देने के अपने वादे पर कायम है.
9- 'जन धन योजना' के माध्यम से 31 करोड़ बैंक खाते इस देश में खोले गए हैं, आज हर परिवार के पास बैंक खाता है. 30 साल से इस देश में अस्थिरता चल रही थी, लेकिन 2014 के चुनाव में जनता ने इसको ध्वस्त कर दिया.
10.बीजेपी चीफ ने कहा इस देश में कई समय तक जातिवाद की राजनीति चली, पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार का बोलबाला था. जब लाल बहादुर शास्त्री ने लोगों से एक समय का खाना छोड़ने को कहा तो लोगों ने उनकी बात मानी, उसके बाद अब पीएम मोदी के कहने पर लोगों ने अपनी गैस सब्सिडी को छोड़ दिया. हमारी सरकार ने सब्सिडी के पैसों से उज्जवला योजना चलाई |